जेडी अचानक पहुंचे निरीक्षण में तो उड़ गए होश, स्कूल खाली थी, प्राचार्य और शिक्षक भी नहीं मिले, गिरेगी गाज
संयुक्त संचालक के निरीक्षण ने स्कूलों के अव्यवस्थओं की पोल खोल दी। स्कूल से शिक्षक तो ठीक प्राचार्य तक गायब मिले। तीन स्कूलों का जेडी ने निरीक्षण किया। इसमें दो में शिक्षक और प्राचार्य लापरवाह मिले। सभी को नोटिस जारी किया गया है।
जेडी ने तीन स्कूलों का किया निरीक्षण, दो में मिली अव्यवस्था
सीएम राइज स्कूल सेमरिया में सब कुछ मिला चकाचक
रीवा। ज्ञात हो कि 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। कक्षाओं का संचालन स्कूलों में किया जा रहा है। हालांकि गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय परिवर्ति कर दिया गया है। इतनी राहत देने के बाद भी शिक्षक स्कूलों में समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। बिना सूचना के गायब रहते हैं। यह लापरवाही बुधवार को जेडी लोक शिक्षण के निरीक्षण में पकड़ी गई। जेडी लोक शिक्षण केपी तिवारी बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर वृत्त अचानक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल से प्राचार्य ही गायब मिले। बिना किसी सूचना के ही प्राचार्य नदारद थे। वहीं स्कूल में कुल 27 शिक्षक पदस्थ हैं। इसमें से भी सिर्फ 23 शिक्षक ही मौके पर मिले। 4 शिक्षक नदारद थे। विद्यालय में नामांकन के साथ ही छात्रों की उपस्थिति भी काफी कम मिली। इस पर जेडी ने नाराजगी जताई। शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई है। स्कूल से गायब प्राचार्य और शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा जेडी ने शासकीय उमावि अटरिया का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां 21 में सिर्फ 19 शिक्षक ही उपस्थित मिले। शेष शिक्षक नदारद पाए गए। साथ ही नामांकन और छात्रों की उपस्थिति भी काफी कम रही। इस पर जेडी ने प्राचार्य पर नाराजगी जाहिर की। जेडी ने विद्यालय में छात्रों का नामांकन बढ़ाने और साफ सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
प्राथमिक, माध्यमिक में छात्र ही नहीं मिले
हद तो यह है कि इन दोनों की विद्यालय में हाई और हायर सेकेण्डरी में छात्रों की कुछ उपस्थिति मिली भी लेकिन प्राथमिक और माध्यमिक की हालत और खराब रही। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक और माध्यमिक विभाग में छात्रों की उपस्थिति शून्य रही। एक भी छात्र स्कूल में नहीं मिला। दोनों विद्यालयों के प्राचार्य और अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।
सीएम राइज देखकर हुए खुश
जेडी लोक शिक्षण ने सेमरिया में संचालित शासकीय सीएम राइज कन्या उमा विद्यालय का भी निरीक्षण किया। सीएम राइज स्कूल चकाचक मिली। कक्षाओं का संचालन भी पाया गया। कम्प्यूटर कक्ष भी संचालित पाई गई। कक्षाओं में पर्याप्त छात्राओं की संख्या देख वह खुश नजर आए। विद्यालय परिसर में भी साफ सफाई देखने को मिली।